अनियंत्रित बस ने बाइक सवार भाइयों को रौंदा, घटनास्थल पर दोनों की मौत

बेगूसराय। बेगूसराय में एक अनियंत्रित बस ने बाइक सवार दो युवकों को रौंद दिया, जिससे घटनास्थल पर ही दोनों की मौत हो गई। घटना जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र के बेगूसराय वीरपुर संजात पथ पर मलहडीह की है। युवकों की मौत से आक्रोशित लोगों ने जमकर बवाल किया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों युवक बाइक (पल्सर 150) पर सवार होकर तेज गति से मुजफ्फरपुर की ओर से आ रहे थे। इसी क्रम में मलहडीह शिव मंदिर मोड़ के समीप संजात से आ रही बीआर 09 एच 2511 नंबर की अनियंत्रित बस ने दोनों युवकों को कुचल दिया। घटनास्थल पर ही दोनों भाइयों की मौत हो गई।
दोनों युवक रिश्ते में ममेरे-फुफेरे भाई थे। युवक की पहचान मलहडीह वार्ड 6 निवासी जगदीश सहनी के 20 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार एवं पोखो सहनी के 19 वर्षीय नाती रितेश कुमार के रूप में हुई है। रितेश फुलवड़िया थाना क्षेत्र के निपनिया वार्ड निवासी बिनोद सहनी के पुत्र थे। बताया जा रहा है कि बस भी मलहडीह का ही है। हादसे के बाद बस को सड़क पर छोड़ चालक मौके से फरार हो गया। दो युवकों की दर्दनाक मौत के बाद स्थानीय लोग भारी आक्रोशित हो गए। आक्रोशित भीड़ ने बेगूसराय-वीरपुर संजात पथ को जाम कर दिया और बस में जमकर तोड़फोड़ की है। सड़क जाम होने से वाहनों की लंबी कतार लग गई। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस सिर्फ मूकदर्शक बनी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *