सहसपुर ब्लॉक के आठ हजार की आबादी को अगले साल मिलेगा भरपूर पानी

विकासनगर। सहसपुर ब्लॉक क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को पेयजल किल्लत की समस्या से छुटकारा मिलने वाला है। करीब आठ करोड़ की लागत से बनने वाली तीन पेयजल योजनाओं के निर्माण के लिए भूमि पूजन का कार्य विधायक सहदेव पुंडीर ने सोमवार को शुरू कराया। जल जीवन मिशन के तहत सुद्धोवाला पंपिंग योजना का भूमि पूजन किया गया। चार करोड़ 66 लाख 87 हजार की लागत से बनने वाली इस योजना के पूरा होने पर सुद्धोवाला पंचायत की चार हजार की आबादी की प्यास बुझेगी। योजना के तहत तीन सौ किलो लीटर के दो ओवर हेड टैंक बनेंगे, जिनमें जलापूर्ति के लिए दो नलकूप लगाए जाएंगे। अब्दुलापुर में एक करोड़ 83 लाख 72 हजार की लागत से बनने वाली नई पेयजल योजना से कुतुबपुर, रामसावाला, करीमपुर, धूमनगर, बिनसपुर की तीन हजार की आबादी लाभान्वित होगी। इस योजना के तहत एक नलकूप और डेढ़ सौ लीटर के ओवर हेड टैंक का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही बिरसनी-नाहड़ पेयजल योजना का निर्माण एक करोड़ 40 लाख 91 हजार की लागत से किया जा रहा है। इस योजना से एक हजार की आबादी को शुद्ध पेयजल मिलेगा। विधायक सहदेव पुंडीर ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत बनने वाली इन सभी योजनाओं का निर्माण कार्य इस वर्ष के आखिर तक पूरा कर दिया जाएगा। कहा कि भारत के हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है। उत्तराखंड सरकार इस संकल्प को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। बताया कि सहसपुर विधान सभा क्षेत्र में वर्ष 2024 की शुरुआत तक हर घर में पीने के शुद्ध पानी की आपूर्ति होगी। इस दौरान जल संस्थान के एसडीओ बीएस रावत, कनिष्ठ अभियंता विवेक, ग्राम प्रधान मुनेश देवी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख चंद्रपाल सिंह पुंडीर, सहसपुर मंडल अध्यक्ष प्रमोद सिंह, सुभाष चंद्र, राहुल पुंडीर, सावन पुंडीर, पंकज गुसाई, खेम सिंह रावत, वीके शर्मा, संजीव मिन्हास, धीरेंद्र तोमर, पद्मा गुप्ता, हुकुम रावत, सुषमा देवी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *