भाभी-भतीजे सहित तीन लोगों पर धोखे से जमीन बेचने का आरोप

विकासनगर। तहसील चकराता क्षेत्र के अंतर्गत लाखामंडल निवासी एक ग्रामीण ने अपने भतीजे, भाभी और विकासनगर निवासी एक व्यक्ति पर उसकी जमीन को धोखाधड़ी से बेचने-खरीदने का आरोप लगाया है। ग्रामीण ने जिलाधिकारी देहरादून से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। भागीरथ उर्फ भागीराम पुत्र अमरसिंह निवासी लाखामंडल ने जिलाधिकारी देहरादून को सौंपे शिकायती पत्र में बताया कि वे तीन भाई हैं। बताया कि उनके पिता की जमीन लाखामंडल में है। पिता की मृत्यु के बाद पिता के नाम की जमीन तीनों भाइयों में गांव के पंचों की मौजूदगी बांटी गई। जिसमें एक हिस्सा उसको मिला। बताया कि कुछ समय बाद उसके बड़े भाई की मौत हो गई। जिसमें बड़े भाई के हिस्से की जमीन उसके बेटे व पत्नी को मिल गई। बताया कि कुछ समय पहले उसकी भाभी व भतीजे ने उसके हिस्से की जमीन को मंडी चौक विकासनगर निवासी एक व्यक्ति को बेच दी। जब उसे इस बात का पता चला तो उसने अपनी भाभी व भतीजे को पूछा तो दोनों ने उसके साथ गाली गलौज की। कहा कि हमने जो करना था वह कर दिया। तेरे से जो हो सकता है वह कर ले। बताया कि भाभी, भतीजे व विकासनगर निवासी व्यक्ति ने उसकी जमीन हड़प ली है। जिसमें उसकी कोई सहमति नहीं ली गई है। भाभी, भतीजे व विकासनगर निवासी व्यक्ति ने एक सुनियोजित साजिश के तहत उसकी जमीन को धोखाधड़ी से क्रय-विक्रय की है। ग्रामीण भागीरथ उर्फ भागी राम ने जिलाधिकारी से इस मामले की जांच करने व तीनों आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करवाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *