धूमधाम से मनायी जाएगी हनुमान जयंती
ऋषिकेश। तीर्थनगरी ऋषिकेश के मायाकुंड क्षेत्र में स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में छह अप्रैल को हनुमान जयंती धूमधाम से मनायी जाएगी। धार्मिक अनुष्ठान को भव्य बनाने की तैयारियों को अमलीजामा पहनाया जा रहा है। बुधवार को मायाकुंड स्थित हनुमान मंदिर के सभागार में मध्यप्रदेश से आए आचार्य मनीष पाठक, आचार्य शत्रुघ्न शरण, डॉ. सुदर्शन दास और आचार्य बलराम ने संयुक्त रूप से पत्रकारवार्ता में बताया कि हनुमान जयंती से पहले मंदिर परिसर में भव्य श्री राम चरित्र मानस रामायण पाठ, श्रीराम महायज्ञ एवं श्री हनुमत महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। कथा वाचक उमा महेश नंदन, आचार्य मनीष पाठक महाराज के सानिध्य में चल रहे इस महायज्ञ में अयोध्या, जनकपुर, वृंदावन, काशी, प्रयागराज, उज्जैन, अमरकंटक, जनकपुर, चित्रकूट आदि क्षेत्रों से बड़ी संख्या में संत महात्मा शामिल हो रहे हैं। बताया कि कथा देश में सुख शांति और समृद्धि की कामना को लेकर की जा रही है। आगामी 6 अप्रैल को धूमधाम से हनुमान जयंती मनाई जाएगी। इसी दिन श्री राम कथा का समापन होगा।
