दूषित पानी पीने को मजबूर श्यामपुर के कई क्षेत्रों में लोग
ऋषिकेश। श्यामपुर क्षेत्र के तुलसी विहार, हरिधाम कॉलोनी और आंशिक गुमानीवाला में आबादी का एक बड़ा हिस्सा दूषित पानी पीने को मजबूर है। दरअसल, इन क्षेत्रों में पिछले पांच दिनों से गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। लोग जिम्मेदार विभाग को शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। गंदे पानी से संक्रामक रोग फैलने से आशंकित लोगों ने आंदोलन की चेतावनी दी है। उत्तराखंड जल संस्थान का हर घर शुद्ध पेयजल पहुंचाने का दावा हवाई साबित हो रहा है। ऋषिकेश तहसील के अंतर्गत पॉश कॉलोनी तुलसी विहार, हरिधाम कॉलोनी और आधे गुमानीवाला के वाशिंदों के घरों में लगे नल गंदा पानी उगल रहे हैं। एक-दो दिन नहीं पिछले पांच दिनों से दूषित पेयजल आपूर्ति की समस्या बनी हुई है। गंदे पानी की समस्या से परेशान क्षेत्रवासी हरेंद्र कुमार, उमाकांत वर्मा, एसडी अमोली, अनिल कुकरेती, गंभीर सिंह नेगी, कीर्ति अमोली, वंदना ने बताया कि पिछले पांच दिनों नलों से मटमैले रंग का पानी आ रहा है। पानी को छानकर और उबालकर प्रयोग में ला रहे हैं, जिससे समय खराब हो रहा है। जल संस्थान के अधिकारियों को गंदे पानी की समस्या से अवगत करा चुके हैं। उनकी ओर से एक ही जवाब मिल रहा समस्या को जल्द दूर कर दिया जाएगा। गर्मी के मौसम में दूषित पानी की आपूर्ति से संक्रामक रोग फैलने की आशंका है।
