57 करोड़ से बनेगा काठगोदाम में हिल स्टेशन

 

हल्द्वानी। पर्वतीय इलाकों में दौड़ने वाली परिवहन निगम की बसों के लिए लगभग 57 करोड़ से काठगोदाम में हिल स्टेशन बनेगा। इसकी डीपीआर तैयार कर कर ली गई है जिसमें मामूली संशोधन होने हैं। इसके निर्माण को लेकर परिवहन सचिव ने शनिवार को काठगोदाम स्टेशन का निरीक्षण किया। बाद में आरटीओ कार्यालय में परिवहन निगम व परिवहन विभाग के अधिकारियों की बैठक कर उनको दिशा निर्देश दिए। परिवहन सचिव अरविंद ह्यांकी ने काठगोदाम डिपो की 3.5 एकड़ जमीन पर स्टेशन बनाने को लेकर अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। आरटीओ कार्यालय में हुई बैठक में संबंधित दिक्कतों को जल्द दूर करने व निर्माण शुरू करने के लिए जरूरी कार्रवाई करने को कहा। इस दौरान परिवहन निगम के महाप्रबंधक संचालन दीपक जैन, क्षेत्रीय प्रबंधक पूजा जोशी आदि मौजूद रहे।

40 बसों के रुकने की होगी व्यवस्था

काठगोदाम डिपो की करीब 3.5 एकड़ जमीन में 40 से ज्यादा बसों के खड़े होने की व्यवस्था होगी। स्टेशन प्रमुख रूप से हल्द्वानी व पर्वतीय इलाकों में चलने वाली बसों के लिए इस्तेमाल होगा। इसी परिसर में वर्कशॉप, आरएम, एआरएम के कार्यालय के साथ ही रोडवेज का बड़ा दफ्तर भी बनेगा। स्टेशन के भीतर शॉपिंग कॉम्पलेक्स बनाने की योजना भी है।

ड्राइविंग ट्रैक बनेगा

परिवहन सचिव ह्यांकी ने आरटीओ कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय को अपग्रेड करने के निर्देश दिए। साथ ही आटोमेटेड ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक बनाने के निर्देश दिए। साथ ही आरटीओ कार्यालय में उपभोक्ताओं के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान आरटीओ (प्रशासन) संदीप सैनी, आरटीओ (प्रवर्तन) नंद किशोर, एआरटीओ विमल पांडे, रश्मि भट्ट आदि मौजूद रहे।

परिवहन सचिव के निर्देश के बाद डीपीआर में कुछ संशोधन होने हैं। संशोधन के बाद डीपीआर शासन को भेजी जाएगी। हमारी कोशिश है कि जल्द से जल्द स्टेशन का काम शुरू कराया जाए। -दीपक जैन, महाप्रबंधक, परिवहन निगम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *