फरार प्रेमी युगल को नहीं ढूंढ पाई पुलिस
रुड़की। पिछले माह घर से फरार प्रेमी युगल को अभी तक पुलिस ढूंढ नहीं पाई है। प्रेमी के खिलाफ प्रेमिका के परिजनों ने अपहरण का केस भी दर्ज कराया था। इसी माह प्रेमिका के परिजनों ने कोतवाली में धरना दिया था। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के ढंडेरा से 20 वर्षीय युवती घर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजनों ने अपने स्तर से जांच पड़ताल की तो पता चला कि युवती का पड़ोसी से प्रेम प्रसंग चला आ रहा था। दोनों के परिजनों को प्रेम प्रसंग की भनक लग चुकी थी। युवती के परिजनों का आरोप है कि पड़ोसी ने पुत्री को बहला-फुसलाकर प्रेम जाल में फंसाया और मौका मिलने पर पुत्री को अपने साथ ले गया था। मामला पुलिस तक पहुंचा तो परिजनों ने पड़ोसी के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कराया था।
