अहमदाबाद में खराब शॉट खेलकर आउट हुए शुभमन गिल, युवराज सिंह ने किया ट्रोल
-गिल ने इंस्टाग्राम पर लिखा- क्या परफॉर्मेंस है, युवराज ने लिखा- पहली पारी में क्या शॉट था…
नई दिल्ली……
भारत और इंग्लैंड के बीच अहमदाबाद के मोटेरा में चार मैचों की सीरीज का तीसरा टेस्ट खेला गया। यह डे नाइट टेस्ट था, जो पिंक बॉल से खेला गया और महज दो ही दिन में खत्म हो गया। इस मैच में भारत ने 10 विकेट से शानदार जीत हासिल की। इस जीत के बाद टीम इंडिया के टेस्ट ओपनर शुभमन गिल ने कुछ तस्वीरों के साथ इस जीत को लेकर एक पोस्ट इंस्टाग्राम पर शेयर किया, जिसके बाद युवराज सिंह ने उन्हें जमकर ट्रोल किया। इस मैच की दूसरी पारी में शुभमन गिल 49 रनों का पीछा करते हुए 15 रन बनाकर नाबाद रहे। हालांकि, मैच की पहली पारी में वह एक खराब शॉट खेलने की वजह से आउट हो गए थे। जोफ्रा आर्चर की शॉट बॉल के खिलाफ खराब शॉट खेलते हुए 11 रन की पारी खेलकर आउट हुए। गिल के इस शॉट की आलोचना सुनील गावस्कर जैसे दिग्गजों ने भी की थी।
यही कारण है कि युवराज ने गिल को ट्रोल किया, क्योंकि वह पिछले साल भारत के ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले पंजाब के युवा बल्लेबाज को शॉर्ट बॉल के खिलाफ प्रशिक्षण दे रहे थे। शॉर्ट गेंद के खिलाफ गिल की तकनीक विशेष रूप से प्रभावशाली थी, जिसकी तारीफ दिग्गजों ने ऑस्ट्रेलियाई दौरे के दौरान जमकर की थी। वह युवराज सिंह ही थे, जिन्होंने नेट्स में प्रैक्टिस के दौरान शुभमन गिल को तैयार किया था। लेकिन तीसरे टेस्ट की पहली पारी में गिल के शॉट चयन से उनके मेंटर खुश नहीं थे, जिसके कारण उनका विकेट गिरा। शुभमन गिल की पोस्ट पर युवी ने शॉट सलेक्शन में उनकी गलती बताते हुए चुटकी ली। शुभमन गिल ने लिखा- क्या टीम है… क्या परफॉर्मेंस है। इस पर कमेंट करते हुए युवराज सिंह ने लिखा- पहली पारी में क्या शॉट था, छितर तैयार हैं। भारत ने इस तरह से चार मैचों की सीरीज में 2-1 से बढ़त बनाकर विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाने की तरफ मजबूत कदम बढ़ाए। इंग्लैंड इस हार से फाइनल की दौड़ से बाहर हो गया है। भारत चार मार्च से होने वाले तीसरे टेस्ट मैच को ड्रॉ कराने पर भी जून में लॉर्ड्स में न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल खेलने का अधिकार हासिल कर लेगा।
