कीटनाशक दवाओं की गाड़ी पकड़ी
रुड़की। किसानों ने बसेड़ी में कीटनाशक दवाओं से भरी गाड़ी पकड़ ली। किसानों का कहना था कि गाड़ी में लदी दवा नकली हैं। जांच के बाद टीम मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी कर रही है। समिति अध्यक्ष जोधसिंह के साथ मोनू कुमार, राजकुमार, राजेश आदि ने बसेड़ी गांव के पास कीटनाशक दवाओं से लदी हुई गाड़ी रोक ली। उन्होंने गाड़ी में मौजूद चालक और दूसरे व्यक्ति से पूछताछ की, लेकिन वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इस पर समिति अध्यक्ष ने मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराडी को सूचना दी। मुख्य कृषि अधिकारी के निर्देश पर कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी सोमेश कुमार गुप्ता अपने साथ शिशुपाल सिंह, दीपक कुमार अंकित कुमार की टीम लेकर मौके पर पहुंचे। तब तक लक्सर से कृषि विभाग के ब्लॉक प्रभारी शेरपाल सिंह भी वहां पहुंच चुके थे। टीम ने दवाइयों की जांच की। जांच में दवा नकली तो नहीं मिली, लेकिन सारी दवाएं उत्तर प्रदेश में आपूर्ति वाली निकली।
