भगवान कार्तिक स्वामी मंदिर में हुआ भगवान कार्तिकेय का वाहन मोर स्थापित

रुद्रप्रयाग। भगवान कार्तिक स्वामी मंदिर में क्षेत्रीय लोगों एवं भक्तों की मांग पर श्री कार्तिकेय मंदिर समिति ने भगवान कार्तिक के वाहन मयूर (मोर) को स्थापित कर दिया है। शुक्रवार और शनिवार को दो दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा और पूजा-अर्चना का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिसके बाद भक्त दर्शन कर सकेंगे। गुरुवार को कार्तिक स्वामी मंदिर के ठीक सामने भगवान कार्तिक के वाहन मयूर को स्थापित किया गया। इससे पहले कार्तिकेय मंदिर समिति के पदाधिकारियों द्वारा देहरादून में इसे बनवाकर कार्तिक स्वामी पहुंचाया गया। 24 और 25 फरवरी को पूजा अर्चना और प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन किया जाएगा। मंदिर समिति के अध्यक्ष शत्रुघन सिंह नेगी ने बताया कि इस धार्मिक आयोजन में विद्वान आचार्य द्वारा सनातनी परंपराओं के अनुसार मंदिर के सामने स्थापित किए गए भगवान के वाहन मयूर को प्राण प्रतिष्ठत कर दिया जाएगा। कहा कि जैसा प्रत्येक शिवालयों में बाहर से भगवान शिव की नंदी सवारी भक्तों को दर्शन के लिए अवसर प्रदान करती है ठीक उसी प्रकार अब कार्तिक स्वामी मंदिर में भी भगवान कार्तिक के सवारी मोर भक्तों को दर्शन देंगे। उन्होंने क्षेत्रीय जनता से अधिक से अधिक संख्या में आकर इस पवित्र क्षण में पुण्य अर्जित करने का आह्वान किया है। समिति के प्रबंधक पूर्ण सिंह नेगी, सचिव बलराम, कोषाध्यक्ष चंद्र सिंह नेगी ने भी सभी भक्तों से आयोजन में पहुंचने का आह्वान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *