अवैध मिट्टी खनन रोकने पर जान से मारने की धमकी
रुद्रपुर। अवैध खनन करने से मना करने पर मिट्टी खनन कर रहे लोगों ने हमला कर मारपीट कर दी। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर एक व्यक्ति ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ग्राम कैलाशपुरी सितारगंज निवासी अजय कुमार ने एसडीएम को सौंपे शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि उसके घर के पीछे दो जेसीबी मशीनों से अवैध खनन का कार्य किया जा रहा था। घर के पीछे से खनन कार्य नहीं करने को कहने पर खनन कर रहे लोगों ने हमला कर दिया। साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर उसे घायल कर दिया। मौके पर ग्रामीणों के पहुंचने पर एक जेसीबी एवं एक मोबाइल छोड़कर फरार हो गए और जाते-जाते जान से मारने की धमकी दे गए है। अजय ने जानमाल का खतरे की शिकायत की है। पीड़ित ने एसडीएम से कार्रवाई की मांग की है।
