कोविड मरीज की मौत पर टीपी नगर के अस्पताल में हंगामा

मुरादाबाद

मझोला थाना क्षेत्र के टीपी नगर स्थित सलेक्ट अस्पताल में गुरुवार शाम कोविड मरीज की मौत हो गई। आक्रोशित परिवार वालों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया। हंगामा बढ़ने पर टीपी नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। इस पर अस्पताल कर्मियों ने पुलिस से भी अभद्रता की। बवाल बढ़ने पर इंस्पेक्टर मझोला फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित परिवार वालों को समझाकर शांत किया। अस्पताल कर्मियों को भी जमकर हड़काया। इसके बाद ही हंगामा शांत हो सका।
बदायूं के बिल्सी निवासी मोहम्मद शकील को दो मई को टीपी नगर स्थित सलेक्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शकील के दामाद बिलारी निवासी जुहैब आलम ने बताया कि शुरुआत में ही अस्पताल कर्मियों ने 18 हजार रुपए जमा करा लिए थे। भर्ती होने के बाद डाक्टर मरीज की तबियत में सुधार बता रहे थे। गुरुवार शाम को अचानक मरीज की हालत खराब होने की जानकारी देते हुए एक लाख 51 हजार रुपए का पेमेंट करने के लिए दबाव बनाने लगे। इसी बीच मरीज की मौत हो गई। जुहैब आलम ने बताया कि इलाज में लापरवाही के चलते मरीज की मौत हुई है। कॉल करने के बाद भी डाक्टर मरीज को देखने तक नहीं आए। हंगामा बढ़ने पर टीपी नगर चौकी पर तैनात सिपाही अरुण अधाना साथी पुलिस वालों के साथ मौक पर पहुंचे। सिपाही अरुण अधाना ने बताया कि अस्पताल के स्टाफ व मृतक के परिवार वालों को समझाने का प्रयास किया तो अस्पताल के मैनेजर द्वारा अभद्रता की गई। हंगामा बढ़ने पर इंस्पेक्टर मझोला मुकेश कुमार शुक्ला भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने समझा-बुझाकर मृतक के परिवार वालों को शांत किया। अस्पताल के अस्पताल मालिक को मानवता दिखाते हुए मरीज के बिल में कटौती करने की बात कही। इसके बाद ही हंगामा शांत हो सका। अफरातफरी जैसे हालात बने रहे। वहीं दूसरी ओर सेलेक्ट अस्पताल के मालिक निशार अहमद ने बताया कि कुछ गलत फहमी हो गई थी, उसे दूर कर लिया गया है। मरीज के परिजनों को अब कोई शिकायत नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *