महिला के क्रेडिट कार्ड से 2.19 लाख की ठगी
रुड़की। महिला के क्रेडिट कार्ड से दो लाख से अधिक की रकम उड़ा ली। आरोप है कि बैंक कर्मियों की मिलीभगत से क्रेडिट कार्ड से रकम निकाली गई है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। गंगनहर कोतवाली को पूर्वावाली गणेशपुर निवासी संगीता धवन ने तहरीर देकर बताया कि भारतीय स्टेट बैंक बीटीगंज की शाखा में खाता है। क्रेडिट कार्ड की लिमिट 1.60 लाख थी। लेकिन कुछ समय बाद केवाईसी अपडेट कराने के लिए कॉल आई और पुराना क्रेडिट कार्ड ब्लॉक करने की जानकारी दी गई। नया कार्ड जनरेट करने के लिए केवाईसी अपडेट लिंक होने की बात कही थी। जबकि उन्होंने कोई भी नया क्रेडिट कार्ड लेने के लिए नहीं कहा था। कोरियर से एक नया क्रेडिट कार्ड आया। 17 दिसंबर 2022 को फोन मैसेज से पता चला कि खाते से 2.20 लाख रुपये निकाले गए हैं, जो बेंगलुरु और किसी अन्य वेबसाइट के जरिए काटे गए हैं।
