छात्रों ने किया जल विद्युत परियोजना व धारी देवी मंदिर का शैक्षणिक भ्रमण
श्रीनगर गढ़वाल। विकासखंड कोट के संकुल खंदूखाल व बालमाणा के छात्र-छात्राओं ने श्रीनगर जल विद्युत परियोजना व धारी देवी मंदिर का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान छात्रों ने विद्युत उत्पादन की प्रक्रिया और धारी देवी के महत्व की जानकारी जुटाई। भ्रमण दल के टीम प्रभारी शशिभूषण बमराड़ा व नीलम रावत तथा कार्यक्रम समन्वयक राजेंद्र कुमार और भूपेंद्र सिंह रावत ने बताया कि छात्रों का शैक्षणिक भ्रमण दल सबसे पहले धारी देवी मंदिर पहुंचा। यहां पर पूजा अर्चना के बाद छात्र छात्राओं ने पुजारी से धारी देवी के धार्मिक महत्व की जानकारी हासिल की। जिसके बाद श्रीनगर जल विद्युत परियोजना झील और शक्ति नहर का भ्रमण कर किलकिलेश्वर चौरास स्थित परियोजना के पावर हाउस में भी गए। जहां पर उन्होंने अधिकारियों से पानी से बिजली उत्पादन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। मौके पर ममता रावत, दुर्गेश बंदूनी, सीमा नैथानी व देवेंद्र उनियाल आदि मौजूद रहे।
