छह साल बाद सहारनपुर से पुलिस ने ढूंढ निकाले भाई बहन
रुड़की। छह साल बाद आखिरकार पिता को अपने दोनों बच्चे सकुशल मिल गए। महिला ने पति से मनमुटाव में दूसरे व्यक्ति के साथ रहना शुरू कर दिया था। पुलिस को परिजनों ने बधाई दी है। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के खंजरपुर निवासी दंपति में 2017 में मनमुटाव हो गया था। पत्नी अपने दो बच्चों को लेकर पति को छोड़कर घर से चली गई थी। पुलिस ने पति की शिकायत पर पत्नी और दोनों बच्चों की गुमशुदगी दर्ज कर ली थी। पुलिस तभी से बच्चों की तलाश कर रही थी। वरिष्ठ उप निरीक्षक नरेश कुमार गंगवार ने बताया कि बरामदगी के लिए उप निरीक्षक करुणा रौंकली के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया था। हेड कॉन्स्टेबल प्रवीण और महिला कॉन्स्टेबल रीना रावत को टीम में शामिल किया। पुलिस टीम को सूचना मिली कि मोहल्ला छतरगढ़ अफगान नगर थाना तितरो सहारनपुर में बच्चों की लोकेशन मिली। जिसके बाद कोतवाली से पुलिस टीम सहारनपुर पहुंची और खंजरपुर निवासी दोनों बच्चों को सकुशल बरामद कर लाई। दोनों बच्चों को उनके पिता के सुपुर्द कर दिया है।
