पीसीएस मेन्स की परीक्षाओं को रद्द करने की मांग की

हरिद्वार। पटवारी भर्ती पेपर लीक के विरोध में पीसीएस और अन्य पेपरों की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों ने लोक सेवा आयोग पहुंचकर विरोध जताया। अभ्यर्थियों ने 28 से 31 जनवरी तक होने वाली पीसीएस मेन्स की परीक्षाओं को रद्द करने की मांग की है। उनका कहना था कि लोक सेवा आयोग के कुछ भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों ने लाखों रुपये लेकर पटवारी के पेपर लीक कर दिए तो कैसे यकीन करें कि पीसीएस के पेपर नहीं बेचे होंगे। पटवारी भर्ती पेपर लीक होने से लोक सेवा आयोग के अधीन होने वाली अन्य परीक्षाओं पर सवालिया निशान खड़े होने लगे हैं। ऋषिकेश के एक कोचिंग इंस्टीट्यूट में पीसीएस और अन्य परीक्षाओं की तैयारी करने वाले करीब बीस अभ्यर्थी लोक सेवा आयोग कार्यालय पहुंच गए। उन्होंने कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। अभ्यर्थी आरती पंवार ने बताया कि उन्होंने पटवारी की परीक्षा भी दी थी। लेकिन बाद में पता चला है कि पेपर लीक हो चुका है। कहा कि 28 से 31 जनवरी तक होने वाले पीसीएस मेन्स के पेपर होने हैं। कैसे यकीन किया जाए कि यह पेपर लीक नहीं हुए होंगे। इसलिए इस पूरे प्रकरण की जांच की जाए और पीसीएस मेन्स की परीक्षाओं का तत्काल रद्द किया जाए। जांच के बाद ही अगली तिथि घोषित की जाए। पीसीएस की तैयारी करने वाली नगमा इस प्रकरण को लेकर ज्यादा गुस्से में दिखी। उन्होंने युवाओं के साथ इस प्रकार का धोखा करने वाले अधिकारियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। इस दौरान मुस्कान, सुजंत, प्रिया, अंजलि, इशिता, जितेंद्र, भारती, आशुतोष, अभिषेक, मयंक, सुशांत, अंकित, साक्षी आदि अभ्यर्थी हाथ में पोस्टर लेकर विरोध करते दिखे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *