घनसाली में लोगों ने ट्रंचिंग ग्राउंड निर्माण का विरोध किया
नई टिहरी। नगर पंचायत घनसाली के वार्ड संख्या छह डिप्टियाना में ट्रंचिंग ग्राउंड निर्माण कराए जाने का स्थानीय लोगों ने विरोध किया है। इस संबंध में उन्होंने एसडीएम के माध्यम से डीएम को ज्ञापन भेजा है। नगर पंचायत घनसाली के वार्ड संख्या छह में नगर पंचायत घनसाली की ओर से ट्रंचिंग ग्राउंड का निर्माण कार्य किए जाने का स्थानीय लोगों विरोध करते हुए ट्रंचिंग ग्राउंड निर्माण पर रोक लगाने की मांग की है। सभाषद विनोद लाल ने कहा कि डिप्टियाना में अधिकांश अनुसूचित जाति के परिवार रहते हैं। डिप्टियाना में ट्रंचिंग ग्राउंड का निर्माण किया जा रहा है। ट्रंचिंग ग्राउंड के बनने से वार्ड के लोगों को कई प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों के विरोध के बाद भी घनसाली तहसील प्रशासन और नगर पंचायत लोगों को डरा धमका कर ट्रंचिंग ग्राउंड का निर्माण करने पर उतारू है। कहा कि जल्द ट्रंचिंग ग्राउंड निर्माण कार्य को नहीं रोका गया तो स्थानीय लोगों को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। उन्होंने डीएम से तत्काल ट्रंचिंग ग्राउंड का निर्माण कार्य रोकने की मांग की है। विरोध करने वालों में राजेन्द्र परमार, देब सिंह, प्रेमलाल शाह, पालीराम, क्वारी देवी, संगीता देवी, महेश्वरी देवी, प्रेमा देवी, राजूशाह, शांति कुमार, दीपक प्रसाद, चंद्रमोहन पालीराम, मंणीचंद,लखन सिंह, भगवती प्रसाद आदि शामिल थे।
