राजावाला में अवैध कटान की जांच को पहुंची टीम

विकासनगर। राजावाला में बड़े पैमाने पर हुए अवैध कटान के बाद भूमि समतलीकरण मामले में विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्यवाही की प्रक्रिया जारी है। इसके साथ ही हाईकोर्ट के आदेश पर गठित टीम भी मौके पर जांच पड़ताल कर रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को जंगल से लगती विवादित जमीन पर प्रमुख वन संरक्षक की ओर से गठित टीम ने सीमांकन करने के साथ ही काटे गए प्रतिबंधित प्रजाति के पेड़ों के साथ ही अन्य पेड़ों की गिनती शुरू की। अभी तक इस मामले में एक रेंजर, दो वन कर्मियों समेत तीन राजस्व कर्मियों को निलंबित किया जा चुका है। पूरे प्रकरण की अब तक की जांच में वन विभाग के साथ ही तहसील प्रशासन की भूमिका भी संदिग्ध है। इसी के चलते दोनों ही विभागों के कर्मचारियों की जांच करने पर निलंबित कर दिया गया है। आगे की जांच में अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी गाज गिरने की आशंका बनी हुई है। जांच समिति के अध्यक्ष डीएफओ नितीशमणी त्रिपाठी ने बताया कि विवादित जमीन और वन भूमि से बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित प्रजाति के पेड़ों के अवैध कटान की पुष्टि हो चुकी है। अब जांच टीम इस मामले में शामिल सभी लोगों का पर्दाफाश करने और काटे गए पेड़ों की वास्तविक संख्या का पता लगाने में जुटी है। इसके लिए पेड़ों की गिनती के लिए निशान लगाए जा रहे हैं। काटे गए पेड़ों की गिनती करने में एक सप्ताह का समय लग जाएगा। पूरी जांच कर रिपोर्ट प्रमुख वन संरक्षक को भेज दी जाएगी। इस दौरान डाकपत्थर चौकी प्रभारी अर्जुन सिंह गुसाईं समेत पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *