समस्याओं का समाधान न होने पर रोष

कोटद्वार। नगर निगम के अंतर्गत वार्ड संख्या तीन की समस्याओं का समाधान न होने पर स्थानीय निवासियों ने रोष व्यक्त किया है और समस्याओं का शीघ्र समाधान न होने की स्थिति में मुख्यमंत्री कार्यालय में शिकायत दर्ज करवाने की चेतावनी दी है। इस संबध में वार्डवासी गुलाब सिंह की ओर से तहसीलदार को सौंपे ज्ञापन में कहा गया है कि समस्याओं के समाधान के लिए वे पूर्व में 6 जून 2022 को उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंप चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। कहा कि वार्ड में सार्वजनिक रास्तों की सफाई नहीं हो पा रही है। एलोपैथिक चिकित्सालय फार्मासिस्ट के भरोसे चल रहा है। दाईं खेह नहर के कुलाबा संख्या 20 व 21 की गूलें क्षतिग्रस्त हो रखी हैं। इस कारण किसानों को पर्याप्त मात्रा में सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है। आंगनबाड़ी केंद्र के भवन की हालत जर्जर बनी हुई है। पशु चिकित्सालय स्वीकृत होने के बाद भी नहीं बन पाया है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि इन समस्याओं का शीघ्र समाधान न होने की स्थिति में वार्डवासी मुख्यमंत्री कार्यालय में शिकायत दर्ज कराने पर मजबूर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *