एम्स में निर्मित होगा 150 आईसीयू बेड का अस्पताल

ऋषिकेश । गंभीर रोगों से ग्रसित मरीजों के बेहतर इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश में 150 बेड की क्षमता वाले क्रिटिकल केयर अस्पताल भवन के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। 18 हजार वर्ग मीटर एरिया में बनने जा रहे इस मिनी क्रिटिकल केयर अस्पताल भवन का निर्माण कार्य केंद्रीय लोक निर्माण विभाग द्वारा किया जाएगा। इस योजना को लेकर एम्स तथा केंद्रीय लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं।
एम्स ऋषिकेश में वर्तमान में 960 बेड का अस्पताल संचालित हो रहा है और यहां दैनिक तौर पर 2500 से 3000 मरीज ओपीडी में विभिन्न विभागों के डॉक्टरों से चिकित्सकीय परामर्श लेने आते हैं। गंभीर मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एम्स की ट्रॉमा बिल्डिंग के निकट एक मिनी क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल बिल्डिंग का निर्माण होने जा रहा है। इस बिल्डिंग में बेड स्थापित होंगे। अस्पताल भवन निर्माण की यह योजना ‘प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत स्वीकृत हुई है। अस्पताल की बिल्डिंग भूतल सहित सात मंजिल की होगी। एम्स ऋषिकेश की कार्यकारी निदेशक प्रोफेसर मीनू सिंह ने बताया कि यह मिनी अस्पताल पूर्णतया केन्द्रीयकृत एसी सुविधा वाला होगा। इस आईसीयू अस्पताल में 12 इमरजेंसी बेड सहित डे केयर बेड, डायलिसिस, आईसोलेशन रूम, एचडीयू, आईसीयू, एनआईसीयू, पीआईसीयू और ऑपरेशन थियेटर की सुविधा भी उपलब्ध होगी। सिविल कंस्ट्रक्शन का सभी कार्य केंद्रीय लोक निर्माण विभाग को सौंपा गया है। एम्स की कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह ने बताया कि शीघ्र ही बीमारी से ग्रसित छोटे बच्चों के इलाज के लिए भी 42 बेड का एक अन्य आईसीयू भी बनकर तैयार हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *