मोबाइल मॉनिटरिंग सिस्टम के विरोध में ब्लॉक मुख्यालयों पर गरजे ग्राम प्रधान

 

विकासनगर। ग्राम पंचायतों में मनरेगा के तहत किए जाने वाले विकास कार्यों के लिए मोबाइल मॉनिटरिंग सिस्टम को लागू किए जाने के विरोध में जौनसार बावर समेत पछुवादून के ग्राम प्रधानों ने ब्लॉक मुख्यालयों पर धरना प्रदर्शन किया। नई व्यवस्था को पर्वतीय क्षेत्रों की पंचायतों के लिए अव्यावहारिक बताते हुए ग्राम प्रधानों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सोमवार को चकराता, कालसी, विकासनगर और सहसपुर ब्लॉक मुख्यालयों में प्रदर्शन करने पहुंचे ग्राम प्रधानों ने कहा कि प्रदेश की विषम भौगोलिक परिस्थिति होने के कारण कई ग्राम पंचायतें अभी भी संचार सुविधा से वंचित है। कई कार्य ऐसी जगहों पर होते हैं, जहां मोबाइल मॉनिटरिंग सिस्टम चालू ही नहीं हो सकता है। ऐसे में इस सिस्टम के आधार पर ही एफटीओ भुगतान की समस्या पैदा हो जाएगी। इसके साथ ही नई प्रणाली लागू किए जाने से पहले ग्राम प्रधानों और संबंधित कर्मचारियों को प्रशिक्षण भी नहीं दिया गया है। कहा कि मनरेगा योजना के तहत ही पंचायतों में सबसे अधिक विकास कार्य होने के साथ ही ग्रामीणों को रोजगार भी मिलता है। लेकिन सिर्फ बीस कार्यों की बाध्यता से पंचायतों में विकास प्रभावित हो रहा है। कहा कि एक ओर सरकार गांवों को आत्मनिर्भर बनाने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर पंचायतों में विकास कार्यों की संख्या को सीमित किया जा रहा है। कहा कि केंद्रीय वित्त से ग्राम पंचायतों को मिलने वाली 15 वें वित्त की धनराशि नहीं मिली है, जिससे गांवों में विकास कार्य ठप पड़े हुए हैं। वर्तमान वित्तीय वर्ष (2022-23) की कार्य योजना पर अभी तक एक भी कार्य नहीं हुए हैं, जबकि पंचायती राज विभाग की ओर से आगामी वित्तीय वर्ष की कार्य योजना बताने का फरमान जारी कर दिया गया है। प्रधानों ने कहा कि एक सप्ताह में सभी मांगों पर पुनर्विचार नहीं किए जाने की स्थिति में देहरादून में सरकार के खिलाफ अनिश्चिकालीन धरना शुरू कर दिया जाएगा।

धरना प्रदर्शन कर रहे प्रधानों ने कहा कि सरकार की ओर से ग्राम प्रधानों को कोविड प्रोत्साहन राशि के तौर पर दस हजार रुपये और पंचायत आपदा निधि के तौर पर भी दस हजार रुपये दिए जाने की घोषणा की गई थी। लेकिन अभी तक दोनों घोषणाओं पर अमल नहीं हुआ। कहा कि सरकार ने उनके साथ वादा खिलाफी की है।

चकराता ब्लॉक मुख्यालय में प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष दलीप सिंह तोमर, महासचिव हरीश राजगुरु, तेजपाल राणा, नरेश रावत, नेपाल राणा, राहुल पुन, ओमप्रकाश जोशी, रणवीर शर्मा आदि शामिल रहे। कालसी ब्लॉक में अध्यक्ष जवाहर सिंह चकित, महासचिव अनिल तोमर, चंद्र विजय सिंह, निर्मला राठौर, निकिता चौहान, श्रीचंद तोमर, प्रमिला चौहान, अंकित जोशी, प्रियंका, कांतिराम चौहान, गजेंद्र सिंह चौहान, विकासनगर ब्लॉक मुख्यालय में अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, संतोष देवी, रेखा, शबाना, नीरज, जयदीप सिंह, पूनम चौहान, शशि बाला रौंछेला शामिल रहे। जबकि सहसपुर ब्लॉक मुख्यालय में प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष मुकेश कुमार, रजनी देवी, बनार सिंह, संदेश कुमार, आरती जोशी, धीरज कुमार, कोमल देवी, वीर बहादुर आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *