खनन सामग्री से भरे 13 डंपर ओवर लोडिंग में सीज

 

विकासनगर। हिमाचल प्रदेश की ओर से उत्तराखंड में आने वाले खनन सामग्री के वाहनों में ओवरलोडिंग को लेकर पछुवादून पुलिस ने रविवार देर रात को अभियान चलाया। अभियान के दौरान बड़े पैमाने पर खनन सामग्री से भरे डंपरों में निर्धारित मात्रा से अधिक खनन सामग्री पायी गयी। पुलिस ने ऐसे 13 डंपर के खिलाफ एमवी ऐक्ट में कार्रवाई करते हुए सभी वाहनों को सीज कर दिया है। विकासनगर, सहसपुर व सेलाकुई पुलिस ने रविवार देर रात को नौ बजे के बाद हिमाचल प्रदेश की ओर से आने वाले खनन से भरे वाहनों में खनन सामग्री की ओवरलोडिंग को लेकर अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस को हिमाचल प्रदेश की ओर से आने वाले खनन के 13 डंपरों में निर्धारित मात्रा से तीन से चार गुना अधिक खनन सामग्री मिली। इससे उत्तराखंड सरकार को बड़े पैमाने पर खनन से मिलने वाले राजस्व का नुकसान होना पाया गया। विकासनगर कोतवाली पुलिस ने सर्वाधिक छह डंपर सीज किये। जबकि सहसपुर पुलिस ने चार डंपर व सेलाकुई पुलिस ने तीन डंपर ओवर लोडिंग में सीज किये। सीओ विकासनगर संदीप सिंह नेगी ने बताया कि खनन से भरे ओवरलोड वाहनों व अवैध खनन के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *