राजस्व उपनिरीक्षक की लिखित परीक्षा हुई सकुशल संपन्न, खुश दिखे छात्र
रुड़की। राजस्व उप निरीक्षक की लिखित परीक्षा सकुशल संपन्न हो गई। रुड़की व आसपास के नौ शिक्षण संस्थानों पर सेंटर लगा था। जहां दो घंटे की लिखित परीक्षा सकुशल संपन्न हो गई। छात्रों ने सिलेबस के अनुसार ही प्रश्नपत्र आने की बात कही। छात्रों के चेहरों पर बेहतर लिखित परीक्षा करने की खुशी साफ नजर आई।
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की ओर से राजस्व उपनिरीक्षक (पटवारी-लेखपाल) परीक्षा 2022 का आयोजन किया गया था। रविवार को सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक लिखित परीक्षा का समय रखा गया था। 200 मीटर के दायरे में धारा 144 लागू की गई थी। नेशनल इंटर कॉलेज धनौरी, शिव बाबा इंटर कॉलेज मजरी पिरान कलियर, आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज बीटीगंज ईस्ट अंबर तालाब रुड़की, बीएसएम कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग नगला इमरती लक्सर रोड, केएलडीएवी इंटर कॉलेज पुराना रेलवे रोड रुड़की, श्री गुरु राम सहाय पब्लिक स्कूल इब्राहिमपुर देह देहरादून रोड, अतुल उत्कृष्ट गवर्नमेंट इंटर कॉलेज पुराना रेलवे रोड रुड़की, वासुदेवा लाल मिथिला सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज हरिद्वार रोड और सिटी पब्लिक इंटर कॉलेज वर्ल्ड बैंक कॉलोनी के पीछे रुड़की पर परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
सुबह 11 बजे परीक्षा देने आए परीक्षार्थियों के जरूरी कागजात जांच के बाद उनको परीक्षा कक्ष में भेजा गया। इस बीच पुलिस प्रशासन की टीम केंद्रों के आस-पास मौजूद रही। छात्र वैभव, अक्षय, निशांत वर्मा, सोएब, अंकित श्रीवास्तव, साक्षी गर्ग और सुरभि ने बताया कि सिलेबस के अनुसार ही प्रश्नपत्र आया था। ज्यादा सोच विचार कर परीक्षा नहीं देनी पड़ी। उन्होंने काफी बेहतर से लिखित परीक्षा दी है। आशा है कि वह इसमें बेहतर अंक ला पाएंगे। एसपी देहात एसके सिंह ने बताया कि केंद्रों के आसपास सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की टीम मौजूद रही।
