भाजपा सरकार की नीतियों से देश की आर्थिक व्यवस्था लगातार खराब: माहरा
रुड़की। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण देश की आर्थिक व्यवस्था लगातार खराब हो रही है। जिसके चलते गरीब, मजदूर और किसान समेत हर वर्ग के लोग परेशानी में है। कहा कि राहुल गांधी की यात्रा में जनसैलाब को देख केंद्र की भाजपा सरकार की घबराहट बढ़ी हुई है। लंढौरा में कांग्रेस कार्यकर्ता सद्भावना सम्मेलन का आयोजन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार हर मोर्चे पर विफल है। आरोप लगाया कि चीन हमारी जमीन पर कब्जा जमाए बैठा है। लगातार देश की आर्थिक हालत गिर रही है। महंगाई चरम सीमा पर है। इसके बाद भी भाजपा की केंद्र सरकार लोगों का ध्यान भटकाने के लिए जनता को धर्म के नाम पर बांटने का काम कर रही।
कहा कि जोशीमठ में कई साल से मकानों में दरारें पड़ रही है। कहा कि मीडिया और कांग्रेस पार्टी ने इस समस्या को लेकर सरकार को जगाया है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी कौमी एकता को मजबूत बनाने के लिए पैदल यात्रा निकाल रहे हैं। उनकी यात्रा को जनसमर्थन मिलने से भाजपा सरकार डरी सहमी नजर आ रही है। कहा कि गन्ना बकाया को लेकर दस जनवरी को इकबालपुर मिल पर राज्य सरकार और मिल मालिक के खिलाफ कांग्रेस धरना प्रदर्शन करेगी।
पूर्व विधायक काजी निजामुद्दीन ने कहा कि राज्य सरकार धुर्वीकरण कर हल्द्वानी बर्बाद करने पर तुली हुई है। कहा कि सर्वोच्च न्यायालय ने इस मामले में ईमादारी का फैसला दिया है। कार्यक्रम को विधायक ममता राकेश, विधायक वीरेंद्र जाती, विधायक रवि बहादुर ने भी संबोधित किया। इस दौरान सतपाल ब्रह्मचारी, आसिफ, चौधरी राजेंद्र सिंह, मीर हसन, शमशाद, आसिफ, आजम, डॉ. मुस्तकीम, तहसीन, सपना, अय्यूब और आजम याशी आदि मौजूद रहे।
