रुड़की में एक से दस घंटे लेट रही तीसरे दिन भी आठ ट्रेनें

रुड़की। कोहरे ने ट्रेनों के संचालन को धीमा कर दिया है। बुधवार को तीसरे दिन रुड़की रेलवे स्टेशन पर आठ ट्रेनें एक से लेकर दस घंटे की देरी से स्टेशन पर पहुंची। शीतलहर ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कंपकंपाती ठंड में यात्री एक ही जगह बैठे रहे और घंटों अपनी ट्रेनों का इंतजार करते नजर आए।
साल के अंत में कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। पिछले तीन दिन से रुड़की और आसपास के इलाकों में घना कोहरा हो रहा है। सूर्य देव के दर्शन लोगों को दुर्लभ हो गए हैं। दिन भर कोहरे की चादर छाई रहती है। मौसम ठंडा होने पर पारा नीचे आने पर तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास हो रहा है। मौसम का मिजाज गड़बड़ाने पर जनजीवन अस्त व्यस्त होने लगा है। वहीं यातायात पर भी इसका काफी प्रभाव पड़ रहा है। बुधवार को तीसरे दिन भी आठ ट्रेनें कई घंटे देरी से रुड़की रेलवे स्टेशन पर पहुंची। यात्री अभिषेक सोनकर, सुशील तिवारी, लोकेश यादव, राम भरोसे, कुसुम और सुंदर आदि यात्रियों ने बताया कि वह अमरनाथ एक्सप्रेस में अपनी सीट बुक आए हैं। लेकिन उनकी ट्रेन पांच घंटे लेट है। वह अपने मूल गांव छपरा जा रहे हैं। फिलहाल वह विश्रामगह में ट्रेन के आने का घंटों से इंतजार कर रहे हैं। वह रुड़की में फैक्ट्री में काम कर रहे हैं। मूल गांव में एक परिवार के यहां शादी समारोह में शिरकत करने के लिए जा रहे हैं। स्टेशन अधीक्षक अरुण कमार ने बताया कि साल के अंत में अब रोजाना कोहरा होने लगा है। जिस वजह से लखनऊ और बिहार आदि लंबी दूरी की ट्रेनें प्रभावित हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *