कॉलोनी बचाने को सीएम से मिले आईडीपीएल और कृष्णानगर वासी

ऋषिकेश। आईडीपीएल और कृष्णानगर कॉलोनीवासियों को आवासीय भवन खाली करने के नोटिस मिलने से क्षेत्रवासी परेशान हैं। मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में क्षेत्र के लोगों ने शहरी विकास मंत्री के नेतृत्व में सीएम से मुलाकात की। उन्होंने आईडीपीएल और कृष्णानगर कॉलोनी को उजड़ने से बचाने की गुहार लगाई। मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने आईडीपीएल और कृष्णानगर कॉलोनीवासियों को न उजाड़ने का मुद्दा उठाया। उन्होंने आईडीपीएल और कृष्णानगर कॉलोनीवासियों का पक्ष रखा। कहा कि आईडीपीएल प्रबंधन की ओर से आवंटित आवासों में रह रहे अधिकांश सेवानिवृत कर्मचारी हैं। कन्वेंशन सेंटर योजना व अन्य कारणों से भवनों को खाली करने के नोटिस दिए जा रहे हैं। इससे सभी के समक्ष आशियाना उजड़ने का संकट पैदा हो गया है। आईडीपीएल फैक्ट्री बंद होने के बाद आईडीपीएल को आवंटित भूमि मूल विभाग (वन) को स्थानांतरित की गई है। इस पर कन्वेंशन सेंटर बनाने आदि की योजना है। आईडीपीएल और कृष्णानगर कॉलोनी में पिछले करीब 50 वर्षों से लोग रह रहे हैं। सीएम ने मामले में सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। मौके पर योगी योगेंद्र तिवारी, पुनीत बजाज, समशेर सिंह, प्रकाश रावत, अमित मलिक, विजय भारद्वाज, अजय श्रीधर, एचपी रतूड़ी, वामिक मंसूर, दर्शना श्रीधर, विमलेश शर्मा, निर्मला मान, रूपिंदर कौर, ओडी तोमर आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *