लो वोल्टेज की समस्या को लेकर सौंपा ज्ञापन

विकासनगर। चंद्रबनी क्षेत्र में लो वोल्टेज की समस्या और जर्जर पोलों को बदलने की मांग को लेकर क्षेत्रीय लोगों ने यूपीसीएल के महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपा। बताया कि जल्द समस्या का समाधान नहीं होने पर कार्यालय का घेराव किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने गए चंद्रबनी के पार्षद सुखवीर बुटोला ने बताया कि कैलाशपुर, पित्थूवाला खुर्द, चोयला, चंद्रबनी, धारावाली, भूतोवाला, पटियावाला, अमर भारती क्षेत्र में लंबे समय से लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। लो वोल्टेज के कारण पेयजल और सिंचाई नलकूप भी बंद पड़े हुए हैं। जनता को पीने के पानी के साथ ही सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल रहा है। लोगों के घरों में रखे बिजली के उपकरण भी ठप पड़े हुए हैं। चारा मशीन ठप होने से पशुओं के चारे की समस्या भी पैदा हो गई है। इसके साथ ही पूरे क्षेत्र में बिजली के 40 पोल जर्जर हो चुके हैं, जिनसे कभी भी दुर्घटना हो सकती है। अधिकांश क्षेत्रों में बंच केबिल नहीं बिछाई गई हैं। बताया कि कैलाशपुर के कुछ स्थानों को टर्नर रोड बिजली घर से जोड़ा जाना चाहिए, जिससे लो वोल्टेज की समस्या का समाधान हो सके। इसके साथ ही जर्जर पोलों को बदल कर नए पोल लगाने, पुरानी तारों को बदलने की मांग भी की गई। साथ ही बताया कि जल्द समस्या का समाधान नहीं होने पर महाप्रबंधक कार्यालय का घेराव किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने वालों में रामपाल राठौर, मदन सिंह, राधेश्याम कश्यप, अजय गोयल, साजन रावत, शांति रावत, विलोचन प्रसाद शर्मा, महेश श्रीवास्तव आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *