अपराधियों में दून पुलिस का खौफ बना रहे: डीआईजी
देहरादून। देहरादून जिले की क्राइम मीटिंग में डीआईजी गढ़वाल रेंज ने पुलिस को कार्रवाई में पारदर्शिता लाने का निर्देश दिया। डीआईजी ने कहा कि पुलिस इस तरह कार्रवाई करे कि आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास बने और अपराधियों में पुलिस का खौफ पैदा हो। डीआईजी ने सोमवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में जिला पुलिस की अपराध समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि अक्सर फरियादियों को अपनी शिकायत लेकर उच्चाधिकारियों के पास जाना पडता है। निर्देशित किया कि कोई भी जनशिकायत आती है तो प्राथमिकता के आधार पर थाना-चौकी स्तर से निस्तारण करें। जनपद मुख्यालय और रेंज से चलने वाले अभियानों में प्रभावी कार्रवाई करने और लापरवाही पर उत्तरदायित्व तय करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पुराने लंबित केसों का विधिक राय लेकर तेजी से निस्तारण करें। उन्होंने वांछित और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने का निर्देश दिया। वहीं नशा तस्करी पर भी नकेल कसने को कहा। इस दौरान एसएसपी देहरादून दलीप सिंह कुंवर, एसपी ट्रैफिक अक्षय कोंडे, एसपी सिटी सरिता डोबाल, एसपी देहात कमलेश उपाध्याय, एसपी क्राइम मिथिलेश सिंह सभी सर्किल के सीओ और थानाध्यक्ष शामिल रहे।
