नाबालिग वाहन चालकों के अभिभावकों के काटे चालान,  वाहन सीज

पौड़ी। सड़क हादसों परअंकुश लगाने के लिए पौड़ी पुलिस अब नाबालिग वाहन चालकों के अभिभावकों के भी चालान काट रही है। जिले की एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थानाक्षेत्रों में नाबालिग वाहन चालकों के अभिभावकों के चालान काटने के निर्देश दिए हैं। एसएसपी श्वेता चौबे ने बताया कि जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 10 नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर हर अभिभावक का 25 हजार का चालान करते हुए वाहन सीज किए गए हैं। उन्होंने बताया कि सभी थाना प्रभारियों को वाहन चलाने पर उनके अभिभावकों एवं वाहन स्वामियों के विरुद्ध अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान के तहत अभी तक जिले के श्रीनगर में 7, पौड़ी में 1, कोटद्वार में 2 किशोर वाहन चालकों को वाहन चलाते हुए पाए जाने पर उनके अभिभावकों के विरूद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए वाहनों को मौके पर ही नियमानुसार मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया गया। एसएसपी ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी है।
इस दौरान नाबालिग किशोरों को वाहन न देने को लेकर उनके अभिभावकों को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि भविष्य में नाबालिग किशोरो द्वारा वाहन चलाते हुए पकड़े जाने पर वाहन स्वामियों को दोषी माना जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में यदि फिर से नाबालिग बच्चे वाहन चलाते हुए पाये जाएंगे तो उनके अभिभावकों के विरूद्ध कानूनी कार्यवाही की जाएगी। जिसके तहत 3 साल तक की जेल व 25 हजार तक के जुर्माने का प्रावधान है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *