शराब पी रहे युवकों ने किशोर से मारपीट कर घायल किया

 

रुडकी

दुकान पर सामान लेने गए एक किशोर को वहां पर खड़े कुछ युवकों ने मारपीट कर घायल कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी भी दी। इस संबंध में पीडि़त परिवार द्वारा पुलिस को तहरीर दी गई है। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के गांव हथियाथल निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसका 13 वर्षीय पुत्र मंगलवार की शाम गांव में ही स्थित परचून की एक दुकान से सामान खरीदने के लिए गया था। वहां पर पहले से ही करीब आधा दर्जन लोग शराब पी रहे थे। दुकान पर जाने के लिए रास्ता मांगने पर आरोपियों ने उसके 13 वर्षीय पुत्र को मारपीट कर घायल कर दिया। जब उसके पुत्र ने घर आकर घटना के संबंध में जानकारी दी तो परिजनों ने आरोपियों से विरोध जताया। इस पर आरोपियों ने उनके साथ भी अभद्रता करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। एसएसआई देवेंद्र सिंह रावत का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आवश्यक हुआ तो मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *