लोगों को सुगम यातायात मार्ग देना हमारी प्राथमिकता: डीएम

बागेश्वर। जिलाधिकारी ने विभिन्न सड़कों का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर संबंधितों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
शुक्रवार को जिलाधिकारी अनुराधा पाल विवेकानंद बाइपास पहुंचीं। उन्होंने बरसात के समय जल भराव से उत्पन्न होने वाली स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने ईई लोनिवि को निर्देश दिए कि क्षेत्र में जल भराव समस्या की शिकायतें आए दिन आती रहती हैं, इसलिए जल निकासी के लिए बेहतर प्लांन तैयार कर प्रपोजल बनाया जाए। कहा कि अतिक्रमण किसी भी दशा में न हो इसे विभाग स्वयं देखे। साथ ही उन्होंने अतिक्रमणकारियों को चिह्नित कर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके बाद वह गिरेछीना मोटर मार्ग पर थुनई और द्वारिकाछीना पहुंचीं। यहां उन्होंने थुनई के पास खोली-महेनिया बाइपास सडक पर आ रहे मलबे की जानकारी ली और अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों व लोगों से वार्ता करते हुए यथासंभव एलाइनमेंट बदलने की जरूरत हो तो उस दिशा में कार्य किया जाए। कहा कि आम जनता के सुगम यातायात के लिए मार्ग प्रशस्त करना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। जिलाधिकारी ने द्वारिकाछीना में भू-स्खलन से आ रहे मलबे को हटाते हुए पानी निकासी का उचित प्रबंधन करने के निर्देश लोनिवि को दिए। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने गिरेछीना मोटर मार्ग में हो रहे डामरीकरण की गुणवत्ता परखी। उन्होंने ईई को निर्देश दिए कि कार्य की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार कमी नहीं होनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि कार्य में समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। यहां ईई लोनिवि राजकुमार, एई बीसी जोशी आदि रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *