ग्रामीणों ने सिंचाई नहर की मरम्मत कराने की मांग
विकासनगर। क्षेत्र के ग्रामीणों ने प्रदेश के सिंचाई मंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया है। ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र के विभिन्न गांवों की सैकड़ों हेक्टेयर सिंचित भूमि है। लेकिन पिछले चार माह से नहर बंद है। जिसके कारण खेती की सिंचाई नहीं हो पा रही है। ग्रामीणों ने सिंचाई नहर की मरम्मत करवाकर सिंचाई व्यवस्था सुचारू कराने की मांग की है। प्रदेश के सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज को भेजे ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि कालसी क्षेत्र के हरिपुर, व्यासनहरी, बामनवाला गांवों में सिंचाई विभाग की नहर से सैकडों हेक्टेयर भूमि की सिंचाई की जाती है। लेकिन नहर जगह-जगह क्षतिग्रस्त होने से नहर पर पिछले चार माह से पानी नहीं चल पा रहा है। बताया कि किसानों के सामने सिंचाई का संकट खड़ा हो गया है। खेती लोगों के रोजगार का मुख्य साधन है, लेकिन खेती की सिंचाई न होने से गेहूं, बरसीन, टमाटर, सरसों सहित विभिन्न प्रकार की सब्जियों की खेती की सिंचाई नहीं हो पा रही है। ग्रामीणों ने सिंचाई मंत्री से नहर की मरम्मत करवाने और नहर से सिंचाई के लिए पानी की व्यवस्था करवाने की मांग की है। ज्ञापन भेजने वालों में प्रताप सिंह, दया नेगी, आनंद सिंह, कयूम खान, दर्शन पंवार, लायकराम, सूरत सिंह भंडारी, नोखेज मेंहदी आदि शामिल रहे।
