बेरोजगारों के साथ हो रहा अन्याय: नेगी

श्रीनगर गढ़वाल। प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश में घट रही परिस्थितियों से पूरे प्रदेश के मतदाता व जन सामान्य आहत हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश संघर्षों से मिला है। अंकिता भंडारी की घटना से इस राज्य के लिए शहादत देने वाले लोगों की आत्मा भी दु:खी हुई होगी। उन्होंने इस घटना में वीआईपी का राज खुलना जरूरी बताया। जीएमवीएन में पत्रकारों से बातचीत में विधायक नेगी ने कहा कि अंकिता भंडारी मामले में आरएसएस नेता कर्णवाल का बयान शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारों के साथ जो अन्याय व अत्याचार डबल इंजन की सरकार की नाक के नीचे हो रहा है वह बर्दाश्त करने लायक नहीं है। कहा लोगों को अब लगने लग गया है कि प्रचंड बहुमत की सरकार में ऐसे काम व घटनाएं हो रही हैं जो सुनने लायक तक नहीं हैं। उन्होंने अंकिता भंडारी मामले और अधीनस्थ चयन आयोग की भर्तियों को लेकर सीबीआई जांच को जरूरी बताया। मौके पर कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव महेश जोशी ने कहा कि प्रदेश में जो नौकरियां बेची जा रही हैं उससे यहां का बेरोजगार युवा आहत है। उन्होंने सरकार से भर्ती घोटालों के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मौके पर प्रवीन त्यागी, सुनील जायसवाल, राजेश त्योगी, रविंद्र रावत आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *