चौकीदार की नृशंस हत्या का आरोपी गिरफ्तार

 

विकासनगर। कोतवाली विकासनगर क्षेत्र के अंतर्गत बाईपास कैनाल रोड पर वर्कशॉप के चौकीदार की सिर पर डंडे से कई वार कर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद हत्यारोपी मृतक के जेब में रखी करीब बारह सौ रुपये की नगदी, आधार कार्ड आदि लूटकर फरार हो गया। पुलिस ने छह घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है। विकासनगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत कैनाल रोड पर घराट के पास एक वर्कशॉप में राजकुमार (72) पुत्र सिंगरू निवासी ग्राम धर्मचक्र मारखम ग्रांट कोतवाली डोईवाला देहरादून चौकीदारी करता था। रविवार की मध्यरात्रि को करीब दो से ढाई बजे के बीच चौकीदार राजकुमार की सिर पर डंडों से वार कर हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह को करीब साढ़े छह बजे वर्कशॉप के मालिक जावेद पुत्र नसीर अहमद को चौकीदार लहूलुहान अवस्था में मिला। इसकी सूचना विकासनगर पुलिस को दी गई। सूचना पर एसपी देहात कमलेश उपाध्याय, सीओ विकासनगर संदीप नेगी, कोतवाल विकासनगर शंकर सिंह बिष्ट मय फोर्स मौके पर पहुंचे। वर्कशॉप के चारों ओर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पुलिस ने देखी। सीसीटीवी कैमरों में देखा गया कि आरोपी ने पहले डंडे से राजकुमार के सिर पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने मृतक राजकुमार की जेबों को टटोला और मृतक की जेब में रखी 1250 रुपये की नगदी लूटकर ले गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने हत्यारोपी सुल्तान पुत्र गुलजार निवासी अंबाड़ी को गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने सोमवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी ने खुद बताया कि वह नशे का आदि है। नशे के लिए उसने चौकीदार की हत्या करने की साजिश रची। उसे यकीन था कि मृतक अकेला रहता है, जिसके पास चाय के होटल की कमाई और चौकीदारी करने से मोटी रकम होगी। एसएसपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। एसएसपी ने कोतवाली पुलिस की टीम को दस हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *