राशिसं चुनाव में महिला संयुक्त मंत्री पद पर चकराता ब्लॉक ने पेश की दावेदारी

 

विकासनगर। राजकीय शिक्षक संघ के 12 अक्तूबर को होने वाले जिला कार्यकारिणी के चुनाव में पछुवादून, जौनसार बावर से एक अन्य शिक्षक ने दावेदारी की है। अब पछुवादून, जौनसार बावर से जिला कार्यकारिणी में चार दावेदार सामने आ गए हैं। संघ की जिला कार्यकारिणी का दो दिवसीय अधिवेशन आज से शुरू हो रहा है। जिला अधिवेशन से शुरू होने से ऐन पहले चकराता ब्लॉक की पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष मोनिका रानी ने संयुक्त मंत्री (महिला) पद पर अपनी दावेदारी पेश की है। उन्होंने दावा किया कि चकराता ब्लॉक के साथ ही कालसी, विकासनगर और सहसपुर ब्लॉक के सभी शिक्षकों ने उन्हें समर्थन दिया है। कहा कि चकराता, कालसी ब्लॉक के दुर्गम विद्यालयों में तैनात शिक्षकों की समस्याओं का समाधान कराना उनकी प्राथमिकता होगी। इससे पूर्व चकराता ब्लॉक के राजकीय इंटर कॉलेज दसऊ के शिक्षक अमित पंवार ने अध्यक्ष, राइंका कालसी की सुषमा खत्री ने महिला उपाध्यक्ष और राइंका तिमली के शिक्षक मनमोहन रावत ने उपाध्यक्ष पद पर अपनी दावेदारी पेश की है। पछुवादून, जौनसार बावर के विद्यालयों में तैनात शिक्षकों की मानें तो इस बार जिला कार्यकारिणी में दो पद यहां के शिक्षकों के खाते में आ रहे हैं। राजकीय शिक्षक संघ के कालसी ब्लॉक अध्यक्ष अनिल राणा ने कहा कि कम से दो पदों पर जीत के लिए चकराता, कालसी, विकासनगर और सहसपुर के शिक्षकों ने गोलबंदी शुरू कर दी है। चकराता ब्लॉक के दूरस्थ विद्यालयों में तैनात शिक्षक अधिवेशन में शामिल होने के लिए सोमवार को ही देहरादून रवाना हो गए हैं। विकासनगर ब्लॉक के अध्यक्ष सुधीर कांति ने बताया कि अधिवेशन के दौरान कुछ पदों पर आपसी सहमति बनाने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *