धार्मिक उन्माद फैलाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा

रुड़की।  धार्मिक उन्माद फैलाकर समाज में अशांति फैलाने के आरोप में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है। सोशल मीडिया पर चल रहे एक संदेश का पुलिस ने स्वयं संज्ञान लिया। जिसके बाद अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है। लंढौरा चौकी पर तैनात सिपाही मनीष कुमार और संजय कुमार क्षेत्र में चेतक दल में गश्त कर रहे थे। शुक्रवार को उन्हें सोशल मीडिया पर एक संदेश मिला जिसमें एक समुदाय विशेष की ओर से दूसरे समुदाय विशेष को आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थी। जिससे धार्मिक भावनाएं आहत होने का खतरा था। पुलिस कर्मियों ने वायरल संदेश को आला अधिकारियों के पास पहुंचाया तथा उन्हें घटना से अवगत कराते हुए बताया कि इस प्रकार से संदेश वायरल किया जा रहा है। इससे क्षेत्र की शांति को खतरा उत्पन्न हो सकता है। पुलिस अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को लेते हुए तत्काल निर्देश दिए कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की जाए। जिसके बाद पुलिस ने अपनी ओर से अज्ञात के खिलाफ धार्मिक उन्माद फैलाकर समाज में अशांति फैलाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। इंस्पेक्टर राजीव रौथाण ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *