एक ही ट्रक में अब शिमला से सीधे मुंबई पहुंचेगा पहाड़ी मटर

शिमला 

सिरमौर और मंडी जिले का पहाड़ी मटर अब एक ही ट्रक में शिमला से सीधे मुंबई पहुंचेगा। अब तक शिमला से मटर दिल्ली और दिल्ली से मुंबई के लिए अलग अलग ट्रक में लोड होता है। एक ही ट्रक में शिमला से सीधे मुंबई पहुंचने पर ट्रक भाड़े में प्रतिकिलो तीन रुपये तक कमी आएगी। किसानों को उपज के प्रतिकिलो 3 रुपये तक अधिक रेट मिलेंगे।मुंबई में पहाड़ी मटर की भारी डिमांड को देखते हुए आढ़ती एसोसिएशन ढली ने शिमला से मुंबई के लिए मटर की सीधी लोडिंग करने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। इसके लिए ट्रक ऑपरेटर यूनियनों से संपर्क साधा गया है। शिमला से दिल्ली और दिल्ली से मुंबई के लिए मटर का प्रतिकिलो भाड़ा करीब 17 से 20 रुपये पड़ रहा है। शिमला से सीधे मुंबई के लिए लोडिंग होने पर किराये में प्रति किलो तीन रुपये तक कमी आएगी। इन दिनों राजधानी की ढली मंडी में शिमला जिले के ठियोग, सिरमौर के गिरिपार और मंडी के करसोग से रोजाना 1200 से 1500 क्विंटल मटर पहुंच रहा है। ढली मंडी से हर रोज 7 से 8 ट्रक मटर मुंबई की वाशी और कल्याण मंडी के लिए लोड हो रहे हैं। ढली मंडी में मटर की खरीद फरोख्त के बाद मटर के ट्रकों की लोडिंग दिल्ली के लिए होती है। दिल्ली में मटर को दूसरे ट्रकों में लोड कर मुंबई भेजा जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *