गढ़ कौथिग के आयोजन को लेकर मांगे सुझाव
देहरादून। गढ़वाल भ्रातृमंडल की संस्था क्लमेनटाउन की ओर से नवंबर माह में प्रस्तावित गढ़ कौथिग के आयोजन को लेकर रविवार को गढ़ भवन में बैठक आयोजित की गई। बैठक में समस्त पदाधिकारियों से मेले के आयोजन को लेकर सुझाव मांगे गए। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष सुंदरलाल सेमवाल ने की। संस्था के महासचिव जयपाल सिंह रावत ने पिछली बैठक में आए सुझाव और बिंदुओं को सभी के समक्ष रखा। संस्था के संरक्षक कर्नल सेवानिवृत हीरामणी वर्थवाल ने संस्था के 46 वर्षों के इतिहास पर प्रकाश डाला। पदाधिकारियों और सदस्यों ने सुझाव दिए कि मेले में गढ़वाली व्यंजनों के स्टॉल ज्यादा से ज्यादा लगाए जाएं और समस्त सदस्यों का पहनावा गढ़वाली होना चाहिए। इस दौरान सुबेदार मेजर (सेवानिवृत) बादर सिंह रावत मेला अधिकारी नियुक्त किए गए। मीडिया प्रभारी कैप्टन आलम सिंह भंडारी ने बताया कि नवंबर माह में तीन दिन तक मेले का आयोजन होगा। तिथि जल्द तय होगी। इस दौरान डॉ विजय बौंठियाल के नेतृत्व में इएनटी चिकित्सा शिविर भी लगाया गया। इस दौरान वीएन पुरोहित, कर्नल आरएस बिष्ट, उपाध्यक्ष आरपी चमोली, पूर्व महासचिव आरसीएस रावत, राजू फर्सवाण, पार्षद राजेश परमार, सांस्कृतिक सचिव उषा कोटनाला, सुषमा सजवाण चौधरी, दुर्गा प्रसाद बडोनी, विलोचन वर्थवाल, मनोरंजन थपलियाल आदि मौजूद थे।
