बच्चों की छिपी प्रतिभा को बाहर निकालें

रुड़की।  हरिओम सरस्वती पीजी कॉलेज धनौरी में क्षेत्र के इंटर कॉलेजों के प्रधानाचार्यों की बैठक हुई। बाल कल्याण समिति हरिद्वार की अध्यक्ष और राजा बाबू इंटर कॉलेज आसफनगर ग्रंट की प्रधानाचार्या अंजना सैनी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों को उनकी रुचि के अनुसार करियर की राह दिखाई जानी चाहिए। शिक्षकों का दायित्व बनता है कि अपने छात्रों की रुचि को पहचानकर उनके भीतर छिपी प्रतिभा को बाहर निकालें। हर बच्चे के भीतर कोई न कोई विशिष्ट प्रतिभा छिपी होती है।
राजकीय इंटर कॉलेज इमलीखेडा के प्रधानाचार्य राजेन्द्र अग्रवाल ने कहा कि हरिओम सरस्वती पीजी कॉलेज धनौरी को राजकीय सहायता मिलने का लाभ पूरे क्षेत्र को मिलेगा। वित्तविहीन कॉलेजों की अधिक फीस के चलते सामान्य परिवारों के कई बच्चे उच्च शिक्षा हासिल नहीं कर पाते थे। अब बच्चे कम फीस पर उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे।
राजकीय इंटर कॉलेज पिरान कलियर के प्रधानाचार्य अताउर रहमान ने कहा कि सभी को मिलकर घाड क्षेत्र के बच्चों को उच्च शिक्षित बनाने में अपना योगदान देना चाहिए। गुरुनानक आदर्श इंटर कॉलेज डालूवाला के प्रधानाचार्य जयप्रकाश नानक ने कहा कि बच्चों की शिक्षा में सबको योगदान देना चाहिए। हरिओम सरस्वती इंटर कॉलेज धनौरी के प्रधानाचार्य राकेश चौधरी ने कहा कि नई शिक्षा नीति आने के बाद से काफी परिवर्तन आए हैं। इन सबसे छा़त्रों को अवगत कराए जाने की जरूरत हैं। हरिओम सरस्वती पीजी कॉलेज धनौरी के प्राचार्य डॉ. आदित्य गौतम ने सभी प्रधानाचार्यों का स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रबंध समिति की अध्यक्ष सुमन देवी ने की। इस अवसर पर शरद पांडेय, अमित धीमान, विक्रम सिंह, नेहा राणा, नीतू पाल, आशीष सैनी, गौरव सैनी, स्पर्श चैहान, नितिन सैनी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *