हत्याकांड में भाजपा नेता का पुत्र राइफल के साथ गिरफ्तार

रुड़की। किसान और प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड में भाजपा नेता के पुत्र को पुलिस ने राइफल के साथ गिरफ्तार किया है। हत्याकांड में भाजपा नेता समेत दो आरोपियों की गिरफ्तारी अभी बाकी है। इससे पहले पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इमरान (33) पुत्र मुनफैत निवासी गढ़ी सांघीपुर कोतवाली लक्सर ने हरिद्वार के शिव मंदिर के पास एक जमीन बिकाऊ बताई थी। शिव कुमार उर्फ पिंकी पुत्र बाबूराम सैनी निवासी गांव शिवदासपुर तेलीवाला थाना कलियर ने अपने साथियों को बताया कि एक जमीन बिकाऊ है। भाजपा नेता के पुत्र रिजुल वर्मा, उमाकांत निवासी गांव बाजूहेड़ी थाना कलियर, विजेंद्र उर्फ बिट्टू निवासी शेरपुर और वीरेंद्र सैनी निवासी जादूगर रोड ने जमीन पसंद आने पर खरीदने की हामी भर दी थी। बात तय होने पर एडवांस के तौर पर 50 हजार का चेक और 5 लाख रुपये देने की बात पर सहमति बनी थी। रुड़की के ही एक बैंक में इमरान को ले जाया गया था। जहां कागजी कार्रवाई के दौरान जमीन और अन्य कागजातों में गड़बड़ी मिली थी। धोखाधड़ी की आशंका को लेकर राज्य मत्स्य सहकारी संघ के अध्यक्ष व भाजपा नेता अशोक वर्मा उर्फ मंत्री को बताया गया था। जहां से इमरान को भाजपा नेता के कार्यालय लाया गया और बंधक बना लिया गया था। इसके बाद उसकी हत्या कर दी गई। गंगनहर कोतवाली इंस्पेक्टर ऐश्वर्य पाल ने बताया कि हत्याकांड और अपहरण के आरोप में रिजुल वर्मा निवासी रुड़की को एक राइफल के साथ गिरफ्तार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *