ननों से बदसलूकी का मामला गरमाया – केरल में अमित शाह बोले-यूपी में योगी सरकार, हर हाल में होगी कार्रवाई

झांसी —

उत्तर प्रदेश के झांसी में धर्म परिवर्तन के आरोप में केरल की ननों के एक समूह को ट्रेन से उतारने और जांच करने का मामला अब गरमा गया है. इस संबंध में केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन ने घटना की निंदा करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से घटना के जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने की मांग की थी. चिट्ठी के बाद अमित शाह ने विजयन को जांच का भरोसा दिया है. शाह ने कहा कि घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
देश के गृह मंत्री को लिखी चिट्ठी में केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने झांसी में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा ननों के एक समूह का कथित उत्पीड़न करने की कड़ी निंदा की. उन्होंने अमित शाह को लिखे अपने पत्र में मांग की थी कि इस मामले में शमिल लोगों पर कार्रवाई हो. पिनाराई विजयन का कहना है कि ऐसी घटनाएं देश की छवि को धूमिल करती हैं. इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
कल केरल में एक चुनावी रैली को में गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि ननों के समूह के साथ हुई कथित बदसलूकी के मामले में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. मैं केरल के लोगों को यह आश्वासन देना चाहूंगा कि इस मामले के दोषियों को यथाशीघ्र न्याय के शिकंजे में लाया जाएगा. इस मामले को बीजेपी के कांजीरापल्ली विधानसभा सीट से उम्मीदवार केजे अल्फोंस ने भी शाह के समक्ष उठाया था।
शाह ने कहा कि मैं केरल की जनता को आश्वस्त करना चाहता हूं. यूपी में भारतीय जनता की सरकार है. केरल के किसी भी नागरिक को चिंता करने की जरूरत नहीं है. जो भी आरोपी हैं जिन्होंने भी ये किया है उनको कानून के अलावा जल्द से जल्द जेल में डालने का काम भारतीय जनता पार्टी की सरकार करेगी।
ननों के साथ बदसलूकी का वीडियो वायरल होने के बाद राहुल गांधी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर करारा हमला बोला है. उन्होंने ट्वीट करके लिखा कि यूपी में केरल की नन पर हुआ हमला संघ परिवार के जहरीले प्रोपोगेंडा का नतीजा है जो अल्पसंख्यकों को कुलने के लिए एक धर्म को दूसरे धर्म से लड़ाता है।
दरअसल, 19 मार्च को उत्कल एक्सप्रेस के कोच बी-2 से दो नन और दो ‘पोस्टुलेंट’ यात्रा कर रही थीं. वह दिल्ली से ओडिशा जा रही थीं. इस दौरान बजरंग दल के कुछ लोगों ने शिकायत कर दी. उन्होंने आरोप लगाया था कि दो महिलाओं को कथित तौर पर जबरन धर्म परिवर्तन के लिए ले जाया जा रहा है. इसी शिकायत के आधार पर झांसी रेलवे पुलिस ने चारों को ट्रेन से उतार कर पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया था. हालांकि बाद में पुलिस ने बताया कि शिकायत निराधार थी और पूछताछ के बाद चारों महिलाएं दूसरी ट्रेन पकड़कर ओडिशा के लिए रवाना कर दिया गया था. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *