जनसंख्या नियंत्रण के लिए आगे आने का किया आह्वान
देहरादून। विश्व जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा अभियान के तहत जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण समिति की ओर से मंगलवार सुबह जागरूकता रैली आयोजित की गई। विधायक खजानदास ने परेड ग्राउंड से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस असवर पर विधायक खजानदास ने कहा कि वर्तमान में जनसंख्या को नियंत्रित करना बहुत जरूरी है। ताकि समाज में संसाधनों का एक समान वितरण हो सके और देश का विकास हो सके। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ मनोज ने कहा कि यह अभियान व्यापक रूप में सामुदायिक स्तर पर चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थी अपने नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र पर जाकर इसकी जानकारी ले सकते हैं और परिवार नियोजन से जुड़ी विभिन्न सेवाओं की जानकारी ले सकते हैं। इस दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एनएचएम डॉ निधि रावत ने पखवाड़े के तहत आयोजित किए जा रहे कैंपों के बारे में जानकारी दी। नर्सिंग कॉलेज के छात्र छात्राओं ने लोगों से जनंख्या नियंत्रण में सहयोग करने की अपील की। इस दौरान आशा वर्कर, सिटी अर्बन हेल्थ ऑफिसर राकेश बिष्ट, जिला आरकेएसके प्रबंधक अनूप चौहान, जिला आशा समन्वयक दिनेश पांडेय, परिवार कल्याण से चन्द्रपाल, आईईसी समन्वयक पूजन नेगी आदि मौजूद रहे।
