महाकाल के दुकानदारों ने पकड़ा चोर

कांगड़ा

बैजनाथ के महाकाल बाजार के व्यापारियों ने दुकानों से नगदी चुराने के आरोप में एक युवक को पकड़ लिया है। पकड़ा गया युवक पंचरुखी का रहने वाला बताया जा रहा है। व्यापारियों ने बड़े सुनयोजित तरीके से आरोपी युवक को पकड़ा। युवक को पुलिस थाने में पहुंचाया। वहां पर युवक के परिजनों ने समझौता करते हुए सभी व्यापारियों के पैसे वापस कर दिए। जानकारी के अनुसार युवक जनवरी माह से महाकाल बाजार, मढ गांव व कुंसल में दुकानों से नगदी उड़ा चुका है। इन तीन माह में युवक ने करीब 85 हजार रुपये नगदी उड़ाई थी। युवक पांच दिन पूर्व महाकाल में एक दुकान के गल्ले सेे नगदी ले गया था और सीसीटीवी कैमरे उसकी फोटो कैद हो गई थी। दुकानदारों ने इसकी खबर किसी को भी नहीं दी। सोमवार को युवक स्कूटी में आ गया और स्कूटी पार्क करने के बाद एक बार फिर से चोरी की फिराक में इधर-उधर ताकने लगा। इतने में दुकानदार एकत्रित हो गए और उन्होंने युवक को पकड़ लिया। बाद में युवक को थाने ले जाया गया और युवक के परिजनों ने उससे माफी मंगवा कर चोरी की गई राशि चारों दुकानदारों को वापस कर दी। थाना प्रभारी ओम प्रकाश ठाकुर ने बताया कि व्यापारियों और युवक के परिजनों में समझौता होने के बाद मामला दर्ज नहीं किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *