फौजी बनकर सेना से रिटायर डेयरी संचालक को ठग लिया

 

देहरादून। साइबर ठगों ने फौजी बनकर सेना से रिटायर डेयरी संचालक से 95,370 रुपये ठग लिए। आरोपियों ने पीड़ित से बैक खाते की जानकारी लेकर उससे यह रकम ट्रांसफर की। तहरीर पर रायपुर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

धोखाधड़ी को लेकर सेना से रिटायर नवीन नेगी निवासी शमशेरगढ़, बालावाला ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में तहरीर दी। कहा कि रिटायरमेंट के बाद वह डेयरी संचालित कर रहे हैं। उनके पास सात जून को एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने अपना नाम मंजीत सिंह बताया। कहा कि वह सेना में है और हाल में गढ़ी कैंट में पोस्टिंग बताई। यूनिट के लिए डेयरी प्रोडेक्ट की जरूरत बताई। इसके बाद पीड़ित को व्हाट्सएप पर सामान की सूची भेजी। उसके अनुसार पीड़ित ने बिल बनाकर भेज दिया। अगले दिन पीड़ित को एक अन्य नंबर से कॉल आई। उसने कहा कि वह आर्मी के गढ़ी कैंट कार्यालय के एकाउंट सेक्शन से बोल रहा। झांसा दिया कि उसके सामान की रकम खाते में ट्रांसफर करनी हैं। पीड़ित ने खाते की जानकारी आरोपियों को दे दी। आरोप है कि इसके बाद उसके बैंक खाते से 95,370 रुपये कट गए। पीड़ित ने उक्त फोन नंबरों पर संपर्क किया तो बात नहीं हो पाई। पीड़ित की तहरीर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन से रायपुर थाने पहुंची। थानाध्यक्ष मनमोहन नेगी ने बताया कि तहरीर पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *