दिनकर विहार को मिली पेयजल किल्लत से निजात
विकासनगर। नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत दिनकर विहार के बाशिंदों को अब पेयजल किल्लत से निजात मिली है। बुधवार को विधायक मुन्ना चौहान ने तीस लाख की लागत से बने मिनी ट्यूबवेल का शुभारंभ कर जनता को समर्पित किया। दिनकर विहार की सभी पेयजल लाइनें इसी ट्यूबवेल से जोड़ी जाएंगी, जिससे आवासीय कालोनियों में लो प्रेशर की समस्या से भी निजात मिलेगी। दिनकर विहार की आबादी करीब छह हजार है। यहां पेयजल आपूर्ति के लए अभी तक ओवरहेड टैंक तक नहीं था। बादामावाला रोड स्थित ओवरहेड टैंक से ही पूरे दिनकर विहार के लिए पेयजल आपूर्ति होती है। जिससे अक्सर यहां लो प्रेशर की समस्या बनी रहती है। आवासीय भवनों की दूसरी मंजिल पर पानी पहुंच ही नहीं पाता है। इसके साथ ही पानी बेहद कम मात्रा में आता है। लिहाजा लोगों को घरेलू कामकाज के लिए सिंचाई गूलों के पानी पर निर्भर रहना पड़ता है। भीषण गर्मी में कई घरों में पीने के लिए एक बाल्टी पानी भी नहीं मिल पाता है। स्थानीय बाशिंदों की परेशानी को देखते हुए विधायक मुन्ना चौहान ने पैरी अर्बन योजना के तहत कालोनी में मिनी नलकूप का निर्माण कराया है। इसका शिलान्यास विधायक की ओर से विधान सभा चुनाव से पूर्व कराया गया था। निर्धारित समय पर नलकूप लग जाने के बाद अब पूरे दिनकर विहार की आवासीय कालोनियों की पेयजल लाइनों को इससे जोड़ा जाएगा। विधायक ने बताया कि आधा दर्जन आवासीय कालोनियों की पेयजल लाइनों को नलकूप से जोड़ दिया गया है। इस दौरान नगर पालिकाध्यक्ष शांति जुवांठा, सभासद गुड्डी शर्मा, जल संस्थान के एसडीओ जयपाल चौहान, अवर अभियंता आलेंद्र कुमाई, ईओ नौशाद अली, उपासना, रोशन नेगी आदि मौजूद रहे।
