नेट चार्ज नहीं मिलने पर सामूहिक त्यागपत्र की चेतावनी
अल्मोड़ा। पर्वतीय सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता संघ की मंगलवार को अल्मोड़ा के नंदादेवी मंदिर परिसर में बैठक आयोजित की गई। संघ ने कई प्रस्ताव पारित किये गये। बैठक में प्रशासन से हुई वार्ता के बाद बायोमेट्रिक खाद्यान्न वितरण का निर्णय लिया गया।
वक्ताओं ने कहा कि बीते दिनों जिला पूर्ति अधिकारी से संघ की वार्ता के बाद निर्णय लिया गया है, कि सभी विक्रेता प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के खाद्यान्न का वर्तमान में बायोमेट्रिक से वितरण करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि एक माह के भीतर शासन की ओर से नेट चार्ज स्वीकृत नहीं किया गया तो समस्त विक्रेता सामूहिक त्यागपत्र देने को बाध्य होंगे। बैठक में संघ के प्रदेश अध्यक्ष मनोज वर्मा, संजय साह, अभय साह, केसर सिंह, दिनेश गोयल, नरेंद्र लाल साह, मोहन चंद्र जोशी, भूपाल सिंह परिहार, देवेंद्र सिंह चौहान समेत कई विक्रेता मौजूद रहे।
