गोलज्यू मंदिर के व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी पंडित निर्मल को सौंपी
हल्द्वानी। पंडित निर्मल भट्ट को पर्वतीय सांस्कृतिक उत्थान मंच प्रांगण में स्थित गोल्ज्यू मंदिर की समस्त व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शनिवार को यह निर्णय उत्थान मंच की कार्यकारिणी की डॉ. चंद्रशेखर तिवारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया। बैठक में बताया गया कि पूर्व में आचार्य कैलाश चंद्र भट्ट को मंदिर प्रांगण की व्यवस्था सौंपी गई थी। कई वर्षों तक उन्होंने समर्पित भाव से मंदिर को अपनी सेवाएं दीं। अब उनकी नियुक्ति डीएसबी कैंपस नैनीताल के संस्कृत विभाग में हो चुकी है। उनकी सलाह पर उनके शिष्य और सहायक पंडित निर्मल भट्ट को मंदिर की सभी व्यवस्थाएं सौंप दी गई हैं। बताया गया कि मंदिर में संपन्न होने वाले महत्वपूर्ण धार्मिक कार्यों की व्यवस्था हमेशा की भांति आचार्य कैलाश चंद्र भट्ट के निर्देशानुसार ही होगी। बैठक में भुवन जोशी, मुकेश शर्मा, गोपाल बिष्ट, एनबी गुणवंत, देवेंद्र तोलिया, एलडी पांडे, शोभा बिष्ट, त्रिलोक बर्नोली, हेमंत बगड़वाल, ललित बिष्ट, पुष्पा संभल, विपिन बिष्ट, ललित प्रसाद, लक्ष्मण सिंह मेहरा, कमल किशोर, समित तिवारी, ज्योति पाठक आदि उपस्थित रहे।
