डीजे बजाने से रोकने पर कैंप कर्मी की हत्या, दो घायल

ऋषिकेश। लक्ष्मणझूला थाना अंतर्गत के घट्टूगाड़ के पास डीजे बजाने से रोकने पर कैंप संचालकों में विवाद हो गया। एक कैंप संचालक ने अपने साथियों के साथ धारदार हथियार से हमला कर एक कर्मचारी को मौत के घाट उतार दिया। वहीं, दो अन्य कर्मचारी घायल हो गए।
उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी कैंप संचालक समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। लक्ष्मणझूला थाना पुलिस के मुताबिक शुक्रवार देर रात नीलकंठ मोटर मार्ग पर घट्टूगाड़ में स्थित एकलव्य कैंप में डीजे बज रहा था और शोर भी हो रहा था। इस पर शिवालिक ओडेसी कैंप के कर्मचारियों ने डीजे बंद करने को कहा। इस पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।
इसके बाद करीब आधी रात को एकलव्य कैंप के संचालक अजय चौहान ने अपने दो साथियों के साथ शिवालिक ओडेसी कैंप में घुसकर वहां कार्यरत कर्मियों पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इसमें शिवालिक कैंप कर्मी यशपाल सिंह नेगी (20) निवासी मालाकुंटी, नीलकंठ पौड़ी गढ़वाल, रमन राणा और मनोज राणा निवासी घट्टूगाड़ घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को ऋषिकेश राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया।
जहां चिकित्सकों ने यशपाल को मृत घोषित कर दिया। लक्ष्मणझूला थाना प्रभारी संतोष सिंह कुंवर ने बताया कि शिवालिक ओडेसी कैंप के संचालक गबर सिंह की तहरीर के आधार पर अजय चौहान, अभिषेक और नवोदित के खिलाफ हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। सभी आरोपी फरार हैं, उनकी धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है।
घट्टूगाड़ में चार साल से कैंप चला रहा है आरोपी अजय
लक्ष्मणझूला थाना पुलिस के मुताबिक आरोपी अजय चौहान घट्टूगाड़ में पिछले चार साल से कैंप चला रहा है। वह यमकेश्वर ब्लॉक का मूल निवासी है, जो पिछले कई सालों से अंबाला, हरियाणा में रह रहा है। लक्ष्मणझूला थाना प्रभारी एसएस कुंवर ने बताया कि कैंप के संचालक और कर्मियों का रिकार्ड पुलिस के पास है। बताया कि दो दिन पहले भी डीजे बजाने को लेकर विवाद हुआ था। तब कहासुनी के बाद मामला शांत हो गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *