एलटी शिक्षकों को समन्वयक पदों पर नियुक्ति देने की मांग
नई टिहरी। राजकीय शिक्षक संघ गढ़वाल मंडल शाखा के अध्यक्ष ने समग्र शिक्षा अभियान के तहत राज्य में तथा टिहरी में समन्वयक पदों से एलटी शिक्षकों को मेरिट लिस्ट से बाहर किये जाने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग एलटी शिक्षकों के प्रति दोहरा रवैया अपना रहा है, जिसका शिक्षक घोर विरोध करते हैं। राजकीय शिक्षक संघ गढ़वाल मंडल शाखा के अध्यक्ष रविन्द्र सिंह राणा ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में बताया समग्र शिक्षा अभियान के तहत राज्य में समन्वयक पदों से एलटी शिक्षकों को मेरिट लिस्ट से बाहर किया गया है। कहा इस प्रक्रिया से एलटी शिक्षक आहत हैं,बताया कई शिक्षक जो 54 और 48 सौ के ग्रेड पे पर वर्षों से कार्य कर रहे हैं, ऐसे में अनुभवी शिक्षकों को समग्र शिक्षा अभियान से बाहर करना न्यायोचित नहीं है। शिक्षा विभाग का यह दोहरा मापदंड एलटी शिक्षकों के विरुद्ध है। कहा यदि शिक्षा विभाग द्वारा समग्र शिक्षा अभियान के तहत एलटी में कार्यरत शिक्षकों को राज्य और जिलों के समंवयक पदों पर नियुक्ति में शामिल नहीं किया गया, तो शिक्षकों आंदोलन के बाध्य होना पड़ेगा। उन्होंने शासन-प्रशासन से एलटी शिक्षकों को समन्वयक पदों की नियुक्ति में शामिल करने की मांग की है।
