देवलसारी में दो दिवसीय नेचर फेस्टिवल शुरू
मसूरी। मसूरी वन प्रभाग के अंतर्गत जौनपुर विकासखंड के बंगसील देवलसारी में दो दिवसीय नेचर फेस्टिवल का उद्घाटन अपर प्रमुख वन संरक्षक एसएस रसैली ने किया। बंगसील देवलसारी में शुभारंभ करते हुए अपर प्रमुख वन संरक्षक ने कहा कि पर्यावरण के साथ मिलकर चलना जरूरी है। हम सबको अपने पर्यायवरण को स्वच्छ बनाए रखने का काम करना होगा। उन्होंने देवलसारी को सबसे खूबसूरत पर्यटक स्थल बताया। आश्वस्त किया कि देवलसारी ईको पार्क के विकास के लिए विभाग की ओर से हर संभव प्रयास किया जाएगा। प्रभागीय वनाधिकारी मसूरी कहकशां नसीम, जिला पंचायत सदस्य भोला सिंह परमार, भाजपा थत्यूड़ मंडल अध्यक्ष हीरामणि गौड़, वन सरपंच राजेन्द्र कोली, बिजेंद्र सिंह पंवार, रतनमणि गौड़, रविन्द्र चमोली ने अपने विचार व्यक्त किए।
